Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

थाईलैंड – कंबोडिया सीमा विवाद में नया विवाद, भगवान विष्णु की मूर्ति गिराए जाने पर भारत ने जताई चिंता

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद के बीच एक नई घटना सामने आई है। कंबोडिया ने आरोप लगाया है कि थाई सेना ने विवादित सीमा क्षेत्र में भगवान विष्णु की एक मूर्ति को बुलडोजर से गिरा दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए गहरी चिंता व्यक्त की है।

कंबोडिया के अनुसार, यह मूर्ति वर्ष 2014 में स्थापित की गई थी और उनके क्षेत्र ‘अन सेस’ में स्थित थी। यह घटना 22 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में थाई सैन्य इंजीनियरों को बुलडोजर की मदद से मूर्ति गिराते हुए देखा जा सकता है। कंबोडिया के प्रीह विहार प्रांत के प्रवक्ता किम चानपनहा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बौद्ध और हिंदू अनुयायियों द्वारा पूजी जाने वाली धार्मिक विरासत पर हमला है।

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हिंदू और बौद्ध देवी-देवताओं को इस क्षेत्र के लोग अत्यंत श्रद्धा के साथ पूजते हैं। इस तरह के कृत्य विश्वभर के अनुयायियों की भावनाओं को आहत करते हैं और इन्हें रोका जाना चाहिए। उन्होंने दोनों देशों से संवाद और कूटनीति के जरिए शांति बहाल करने तथा जान-माल और सांस्कृतिक विरासत को नुकसान से बचाने की अपील की।

इस बीच, थाईलैंड की सेना ने अपने बचाव में कहा है कि कंबोडिया ने जानबूझकर विवादित क्षेत्र में मूर्ति का निर्माण किया था। यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है, जब दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव बना हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस महीने जारी संघर्ष में 40 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोग विस्थापित हुए हैं। धार्मिक भावनाओं से जुड़ा होने के कारण यह मामला सोशल मीडिया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close