नाइजीरिया: मैदुगुरी की मस्जिद में विस्फोट, 7 नमाजियों की मौत की आशंका

नाइजीरिया के बोर्नो राज्य की राजधानी मैदुगुरी में बुधवार, 24 दिसंबर की शाम एक मस्जिद में जोरदार विस्फोट हुआ। यह धमाका गाम्बोरू मार्केट इलाके में उस समय हुआ, जब लोग मगरिब की नमाज अदा कर रहे थे। आधिकारिक तौर पर हताहतों की संख्या की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय रिपोर्ट्स में 7 नमाजियों की मौत की खबर सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6 बजे मस्जिद के भीतर अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि विस्फोट की तीव्रता इतनी थी कि मस्जिद की दीवारें तक हिल गईं।
स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। मिलिशिया नेता बाबकुरा कोलो के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह संदिग्ध बम धमाका प्रतीत होता है। कुछ लोगों का मानना है कि विस्फोटक उपकरण पहले से मस्जिद के भीतर छिपाया गया था, जबकि कुछ इसे आत्मघाती हमला भी बता रहे हैं। हालांकि, अब तक किसी भी सशस्त्र समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि मैदुगुरी लंबे समय से आतंकी हिंसा से प्रभावित रहा है। यह क्षेत्र बोको हरम और उसके सहयोगी गुट इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रांत (ISWAP) की गतिविधियों का केंद्र रहा है। हालांकि, शहर में पिछले कुछ वर्षों से कोई बड़ा हमला नहीं हुआ था। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2009 से जारी हिंसा में अब तक करीब 40 हजार लोगों की जान जा चुकी है और लगभग 20 लाख लोग विस्थापित हुए हैं।







