पंजाब सरकार ने विधवा और बेसहारा महिलाओं को दी 895 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता

पंजाब सरकार महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में अब तक राज्य की विधवा और बेसहारा महिलाओं को 895 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह जानकारी सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने साझा की। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में राज्य की 6 लाख 75 हजार 857 पात्र महिलाओं को यह सहायता नियमित रूप से दी जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में परिवारों को आर्थिक सहारा मिला है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि यह योजना केवल वित्तीय मदद तक सीमित नहीं है। इसका उद्देश्य विधवाओं और जरूरतमंद महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करना भी है। उन्होंने आगे बताया कि इस योजना के लिए पंजाब सरकार ने 1,170 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है, ताकि योग्य लाभार्थियों को पारदर्शी और सरल प्रक्रिया के माध्यम से समय पर सहायता मिलती रहे। राज्य सरकार का कहना है कि इस पहल से महिलाओं को न केवल आर्थिक मजबूती मिलेगी, बल्कि वे अपने और अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित बनाने में सक्षम होंगी।







