IPL 2026 ऑक्शन: कैमरन ग्रीन बने सबसे महंगे खिलाड़ी, तीसरी बार में बिके पृथ्वी शॉ, सरफराज की भी खुली किस्मत

अबू धाबी में चल रहे आईपीएल 2026 ऑक्शन के पहले घंटे में कई चौंकाने वाले नजारे देखने को मिले। भारतीय बल्लेबाज सरफराज खान और पृथ्वी शॉ पर शुरुआती राउंड में किसी भी टीम ने बोली नहीं लगाई, जबकि ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन के लिए जमकर मुकाबला देखने को मिला। अंततः कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीद लिया।
कैमरन ग्रीन के लिए मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने भी बोली लगाई। हालांकि एक्सेलेरेट राउंड में सरफराज खान को चेन्नई सुपर किंग्स ने 75 लाख रुपये में खरीद लिया, जबकि पृथ्वी शॉ को तीसरे मौके में दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा। इससे पहले दीपक हुड्डा और पृथ्वी शॉ दूसरे राउंड में भी अनसोल्ड रहे थे।
स्टार्क का रिकॉर्ड टूटा
कैमरन ग्रीन आईपीएल ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 2023 के ऑक्शन में मिचेल स्टार्क के 24.75 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। सीएसके 25 करोड़ रुपये तक बोली लगाने के बाद पीछे हट गई, जिसके बाद केकेआर ने 25.20 करोड़ की निर्णायक बोली लगाई। राजस्थान रॉयल्स 13.40 करोड़ रुपये तक ही जा सकी, जबकि बोली की शुरुआत 2 करोड़ रुपये से करने वाली मुंबई इंडियंस 2.40 करोड़ के बाद रेस से बाहर हो गई।
ग्रीन का IPL रिकॉर्ड
कैमरन ग्रीन अब तक मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए आईपीएल खेल चुके हैं। उन्होंने 29 मैचों में 41 की औसत से 707 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। उनका स्ट्राइक रेट 153 का रहा है। गेंदबाजी में उन्होंने 16 विकेट भी चटकाए हैं।
हालांकि टी20 इंटरनेशनल में उनका रिकॉर्ड अपेक्षाकृत साधारण रहा है, जहां 21 मैचों में उन्होंने 521 रन बनाए हैं और अभी तक कोई शतक नहीं लगाया है।
पृथ्वी शॉ की वापसी
पृथ्वी शॉ 2018 से 2024 तक दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2021 में आया था, जब उन्होंने 479 रन बनाए थे। 2022 से 2024 तक खराब फॉर्म के चलते दिल्ली ने उन्हें 2025 मेगा ऑक्शन से पहले रिलीज कर दिया था। पहले दो राउंड में अनसोल्ड रहने के बाद दिल्ली ने उन्हें 75 लाख रुपये में दोबारा टीम में शामिल किया।
सरफराज खान को CSK ने अपनाया
सरफराज खान का पहले राउंड में अनसोल्ड रहना भी हैरानी भरा रहा। हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स ने एक्सेलेरेट राउंड में उन्हें 75 लाख रुपये में खरीद लिया। सरफराज इससे पहले आरसीबी, पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने अब तक 50 आईपीएल मैचों में 585 रन बनाए हैं। आईपीएल 2026 में वह पहली बार येलो जर्सी में नजर आएंगे। आईपीएल 2026 ऑक्शन के पहले दिन ने साफ कर दिया कि इस बार रिकॉर्ड टूटेंगे और कई बड़े नामों को नई शुरुआत का इंतजार करना पड़ेगा।







