सीएम मोहन यादव की दुबई-स्पेन यात्रा से मिले 11 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि उनकी दुबई और स्पेन की यात्रा सफल रही है। दोनों देशों से कुल 11 हजार करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने दुबई-स्पेन की यात्रा से लौटने के बाद 20 जुलाई को भोपाल में मीडिया को संबोधित किया। सीएम ने कहा कि उन्हें इस बात का आनंद है कि दुबई-स्पेन यात्रा का समापन भोपाली अंदाज में हुआ। उन्होंने बताया कि कालरा बंधुओं ने वहां अलग-अलग रेस्टोरेंट खोला है। एक रेस्टोरेंट का नाम खाना-खजाना रखा है। यात्रा के आखिरी दिन सीएम मोहन यादव ने इसी रेस्टोरेंट में खाना खाया। वहां खाना खाते वक्त उन्हें भोपाल की याद आई।
सीएम यादव ने बताया कि कालरा बंधुओं के 90 फीसदी ग्राहक गैर-भारतीय हैं, जिन्हें भारतीय भोजन पसंद आ रहा है। उन्होंने दुबई में एक अलग ही माहौल देखा। प्रदेश सरकार कपास उत्पादक किसानों की आय बढ़ाने एवं उत्पादन बढ़ाने के लिए उन्हें अत्यधिक कंपनियों में प्रशिक्षण प्रदान करेगी। बर्सिलोना में सबमर कंपनी के साथ डाटा सेंटर स्थापित करने के लिए एमओयू साइन किया है। यह करीब 3800 करोड़ का है। हमारी सरकार ने 22 अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ रणनीतिक साझेदारी के लिए एमओयू साइन किए। दुबई-स्पेन की यात्रा में कुल 11000 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा “दुबई एक छोटी दुनिया है। वहां सभी देशों के नागरिक रहे हैं, व्यापारी भी रह रहे हैं। हमारे प्रधानमंत्री भी व्यापार व्यवसाय की वृद्धि के लिए 7 बार दुबई की यात्रा कर चुके हैं। हमारी दुबई यात्रा की शुरुआत अनंतारा होटल से हुई। यहां अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अल यामाही से मुलाकात हुई। हमने उनके साथ शिक्षा, युवा सहभागिता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान सहित भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। यामाही ने इन बातों पर उत्सुकता भी दिखाई। हमने जब बीएपीएस के महाराज से चर्चा की तो उन्होंने बताया कि यहां सभी धर्मों के लोग आते हैं। दुबई के इस मंदिर का मॉडल बाकी दुनिया भी अपना रही है। सर्वे भवन्तु सखिनः की भावना सबके दिलों दिखाई दे रही है।