इंडिगो एयरलाइन ने 10 शहरों के लिए रद्द की सेवा, जानें किन किन जगहों का है नाम

नई दिल्ली। पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखत हुए घरेलू एयरलाइन इंडिगो ने 10 शहरों से फ्लाइट रद्द कर दी है। इन शहरों से अब 10 मई को 23 बजकर 59 मिनट तक कोई फ्लाइट उपलब्ध नहीं होगी। इंडिगो ने एक्स पर अपने एक पोस्ट में कहा कि आपकी सुरक्षा और संरक्षा सर्वोपरि है। वर्तमान स्थिति के कारण, श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, जोधपुर, किशनगढ़ और राजकोट से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 10 मई 2025 तक 23:59 बजे तक रद्द कर दी गई हैं।
एयरलाइन ने कहा कि हम इस पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं और सभी अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए हैं। हम आपको आधिकारिक अपडेट के माध्यम से सूचित करते रहेंगे और आपकी यात्रा योजनाओं में बदलाव के लिए आपकी सहायता करने के लिए उपलब्ध हैं। आपकी समझदारी और धैर्य के लिए धन्यवाद।
इंडिगो ने फ्लाइट ऑपरेशन संबंधी प्रतिबंधों के चलते अल्माटी और ताशकंद जाने वाली अपनी डायरेक्ट फ्लाइट भी 14 जून तक सस्पेंड कर दी हैं। देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी ने पहले सात मई तक अपनी सेवाएं निलंबित की थी। यह अल्माटी और ताशकंद के लिए दिल्ली से रोजाना उड़ानें संचालित करती रही है। चौबीस अप्रैल से पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र बंद होने के बाद से भारतीय विमानन कंपनियां पश्चिमी देशों की ओर जाने वाली उड़ानों के लिए लंबे रूट का उपयोग कर रही हैं।