Main Slideराष्ट्रीय

दिल्ली लक्ष्मी योजना: महिलाओं को हर महीने मिलेंगे ₹2,500, जानिए कौन कर सकता है आवेदन और कैसे भरें फॉर्म

दिल्ली सरकार ने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ शुरू कर भाजपा के एक और चुनावी वादे को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। योजना की पहली किस्त रक्षाबंधन के अवसर से शुरू होने की बात कही गई है। हालांकि, इस योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं को कुछ जरूरी पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी।

किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?

दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन करने वाली महिलाओं के लिए सरकार ने कुछ शर्तें तय की हैं। पात्रता के प्रमुख नियम इस प्रकार हैं—

  • महिला की उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
  • परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
  • आवेदन करने वाली महिला परिवार की सबसे बड़ी सदस्य होनी चाहिए।
  • महिला कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली की निवासी होनी चाहिए।
  • महिला का दिल्ली की मतदाता होना अनिवार्य है।
  • महिला के बिजली कनेक्शन की वार्षिक खपत 2,400 यूनिट से अधिक नहीं होनी चाहिए।

ऐसे करें पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन

योजना के लिए आवेदन करने के लिए दिल्ली सरकार ने ऑनलाइन पोर्टल उपलब्ध कराया है। आवेदक को सबसे पहले dly.delhi.gov.in पर जाकर पंजीकरण करना होगा।

  1. पोर्टल खोलकर ‘Apply/आवेदन करें’ विकल्प पर क्लिक करें।
  2. इसके बाद Citizen Login पेज खुलेगा।
  3. पंजीकरण के लिए आधार नंबर, आधार कार्ड धारक का नाम, लिंग, जन्म तिथि और कैप्चा दर्ज करें।
  4. इसके बाद ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
  5. मोबाइल नंबर पर आए OTP को दर्ज कर सत्यापन पूरा करें।
  6. पंजीकरण पूरा होने के बाद एक Registration ID जनरेट होगी।
  7. इसका पासवर्ड पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा।

कैसे करें योजना के लिए आवेदन?

रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद आवेदक को दोबारा पोर्टल पर लॉग इन कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

  1. Apply/आवेदन करें विकल्प पर क्लिक करें और Registration ID व पासवर्ड से लॉग इन करें।
  2. आवेदन फॉर्म में पूछी गई जानकारी और सवालों के जवाब भरें।
  3. आधार नंबर, जन्म प्रमाण पत्र, पैन कार्ड समेत मांगी गई व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करें।
  4. परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी भरें।
  5. बैंक खाते की जानकारी दर्ज करें, ताकि योजना की राशि खाते में भेजी जा सके।
  6. जरूरी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड कर आवेदन सबमिट करें।
  7. इसके बाद सांसद/विधायक के समर्थन से संबंधित चिट्ठी अपलोड करें।
  8. आवेदन जमा होने के बाद उसकी रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रखें।
  9. पोर्टल के जरिए आवेदन की स्थिति भी ट्रैक की जा सकती है।

₹2,500 की राशि दो हिस्सों में मिलेगी

योजना के तहत मिलने वाली 2,500 रुपये की मासिक राशि को दो हिस्सों में दिए जाने की जानकारी है। इसमें 1,000 रुपये सीधे महिला के बैंक खाते में भेजे जाएंगे, जबकि 1,500 रुपये आरडी (Recurring Deposit) के रूप में जमा किए जाएंगे।

इस तरह योजना का उद्देश्य पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ उनके लिए बचत का प्रावधान करना भी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close