Main Slideराष्ट्रीय

22 राज्यों में बारिश का अलर्ट, बिहार-पूर्वोत्तर में मूसलाधार बरसात के आसार, दिल्ली में बढ़ेगी उमस

देशभर में मॉनसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के दौरान देश के 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले तीन से चार दिनों तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि बिहार, असम, मेघालय और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश से जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। वहीं आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में 15 जुलाई तक लू चलने की आशंका बनी हुई है। ओडिशा और तमिलनाडु में लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, तेलंगाना, सिक्किम और असम समेत 22 राज्यों में अगले कुछ घंटों के दौरान बारिश की संभावना जताई है।

दिल्ली-एनसीआर में बारिश के आसार कम

दिल्ली और एनसीआर में पिछले कुछ दिनों की बारिश के बाद अब मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 14 से 18 जुलाई के बीच राजधानी में बारिश की संभावना काफी कम है। हालांकि आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा और उमस लोगों को परेशान करेगी।

यूपी, बिहार और झारखंड के लिए चेतावनी

बिहार में 14 और 15 जुलाई को अत्यधिक बारिश का अनुमान है, जबकि 19 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश जारी रह सकती है।

उत्तर प्रदेश में 14 से 19 जुलाई के बीच बारिश का दौर बना रहेगा। खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जुलाई के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

झारखंड में 14 से 17 जुलाई के बीच अच्छी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान कई इलाकों में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

पहााड़ी राज्यों में भी खतरे के संकेत

उत्तराखंड में 15 से 19 जुलाई के बीच भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। हिमाचल प्रदेश में 18 और 19 जुलाई को तेज आंधी और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

जम्मू-कश्मीर में भी 18 और 19 जुलाई के दौरान तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

वहीं राजस्थान में फिलहाल मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। 14 जुलाई के लिए राज्य में किसी तरह का बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close