मिस यूनिवर्स उत्तराखंड बनीं अनुभा वशिष्ठ, सीएम धामी ने किया सम्मानित

देहरादून। मिस यूनिवर्स उत्तराखंड 2026 का खिताब जीतने वाली अनुभा वशिष्ठ को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि उन्होंने प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। अनुभा वशिष्ठ अब ग्लैमानंद मिस यूनिवर्स इंडिया संगठन के बैनर तले आयोजित होने वाली मिस यूनिवर्स इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता दुनिया की प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में गिनी जाती है।
मॉडल और पेशेवर मेकअप एजुकेटर के रूप में पहचान रखने वाली अनुभा कला और संस्कृति में भी विशेष रुचि रखती हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में पहली बार मिस यूनिवर्स इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, जहां वह टॉप-20 फाइनलिस्ट में जगह बनाने में सफल रही थीं। इसके बाद अनुभा ने और बेहतर तैयारी तथा अनुभव के साथ वापसी की और मिस यूनिवर्स उत्तराखंड 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया।
सम्मान समारोह के दौरान अनुभा वशिष्ठ ने कहा कि अपने गृह राज्य में सम्मानित होना उनके लिए गर्व और भावुक करने वाला पल है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल ताज जीतना नहीं, बल्कि उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, विरासत और मूल्यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना भी है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी यात्रा प्रदेश की युवा महिलाओं को बड़े सपने देखने, मेहनत करने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित करती है, तो यह उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होगी। अनुभा वशिष्ठ इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर की सौंदर्य प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और अब उनकी नजरें मिस यूनिवर्स इंडिया के मंच पर बेहतर प्रदर्शन करने पर टिकी हैं।







