दिल्ली में 93 फीसदी वोटरों तक पहुंचे सत्यापन फॉर्म, 11 लाख से ज्यादा आवेदन हुए डिजिटल

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत वोटरों के सत्यापन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। चुनाव आयोग की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 93.35 फीसदी मतदाताओं तक पहचान और सत्यापन से जुड़े एन्यूमरेशन फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा 12 जुलाई रात 8 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के तीसरे चरण के तहत अब तक 1 करोड़ 35 लाख 45 हजार 954 एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। राजधानी में कुल मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 45 लाख से अधिक है।
फॉर्म वितरण के साथ-साथ उन्हें डिजिटल रूप से दर्ज करने का काम भी शुरू हो चुका है। अब तक 11 लाख 15 हजार 950 फॉर्म कंप्यूटर सिस्टम में अपलोड किए जा चुके हैं, जो कुल फॉर्म का 7.69 फीसदी है। फॉर्म वितरण में वेस्ट दिल्ली जिला सबसे आगे रहा है, जहां 96.99 फीसदी मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए गए हैं। इसके बाद साउथ दिल्ली में 96.45 फीसदी और नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में 96.41 फीसदी मतदाताओं तक फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं।
वहीं डिजिटाइजेशन के मामले में आउटर नॉर्थ जिला सबसे आगे है, जहां 17.75 फीसदी फॉर्म ऑनलाइन दर्ज किए जा चुके हैं। इसके बाद साउथ वेस्ट जिले में 11.28 फीसदी और सेंट्रल नॉर्थ जिले में 9.66 फीसदी फॉर्म डिजिटल किए गए हैं।,चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, प्राथमिकता हर पात्र मतदाता तक फॉर्म पहुंचाने की है। इसके बाद भरे हुए फॉर्म वापस लेने और उन्हें डिजिटल रिकॉर्ड में शामिल करने की प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा।
बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) प्रत्येक मतदाता को फॉर्म की दो प्रतियां उपलब्ध करा रहे हैं। इनमें से एक प्रति मतदाता अपने पास रसीद के रूप में रखेगा, जबकि दूसरी प्रति भरकर BLO को जमा करनी होगी। मतदाता चाहें तो यह फॉर्म ऑनलाइन माध्यम से भी जमा कर सकते हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, सत्यापन और सुधार की पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को प्रकाशित किए जाने की संभावना है। आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के BLO को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और समय पर इस प्रक्रिया में भाग लें।







