‘लॉक अप’ में गोविंदा की धमाकेदार एंट्री, सुनीता के लिए पहुंचे शो में, फराह खान के सवाल पर दिया मजेदार जवाब

बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर वन’ गोविंदा जल्द ही रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ में खास मेहमान के रूप में नजर आएंगे। शो में उनकी एंट्री पत्नी सुनीता आहूजा का हौसला बढ़ाने के लिए होगी, जिनके लिए बीता सप्ताह भावनात्मक और चुनौतीपूर्ण रहा। मेकर्स द्वारा जारी नए प्रोमो में गोविंदा की स्टाइलिश एंट्री ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। मंच पर पहुंचते ही शो के होस्ट फराह खान और रितेश देशमुख ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गोविंदा के आते ही सेट का माहौल हल्का-फुल्का और मनोरंजक हो गया।
फराह खान के सवाल पर गोविंदा का मजेदार जवाब
शो के दौरान फराह खान ने सुनीता आहूजा के एक पुराने बयान का जिक्र करते हुए गोविंदा से मजाकिया अंदाज में पूछा, “तुमने ऐसी सुपारी क्यों दी थी कि इसको मारो गोली?” इस पर गोविंदा ने भी अपने चिर-परिचित हास्य अंदाज में जवाब दिया, “अरे, मैं तो खुद जेब में गोली लेकर आया हूं। मैंने कहा, तुम सीने में मारना चाह रही थी न, तो लो अब मार लो। गोविंदा के इस जवाब पर सेट पर मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगे और माहौल पूरी तरह से खुशनुमा हो गया।
सुनीता आहूजा ने रिश्ते पर की थी खुलकर बात
शो के प्रीमियर एपिसोड में सुनीता आहूजा ने अपनी शादीशुदा जिंदगी को लेकर कई बेबाक खुलासे किए थे। उन्होंने गोविंदा के साथ अपने रिश्ते पर उठने वाले सवालों का जवाब देते हुए स्वीकार किया था कि अतीत में अभिनेता के कुछ अफेयर्स की चर्चा रही, लेकिन उन्होंने अपने रिश्ते और परिवार को प्राथमिकता दी। इसके अलावा, उन्होंने गोविंदा के पैर में गोली लगने की हालिया घटना पर भी हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की थी। सुनीता ने कहा था, “जब कोई तीसरा बीच में आता है तो आंखों पर नहीं, घुटनों पर गोली मारी जाती है।”जब फराह खान ने उन्हें याद दिलाया कि उन्होंने पहले सीने पर गोली मारने की बात कही थी, तो सुनीता ने हंसते हुए जवाब दिया, “मेरा निशाना कभी चूकता नहीं है।”
करीब चार दशक पुराना है रिश्ता
गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी को लगभग चार दशक हो चुके हैं। दोनों के दो बच्चे हैं—बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा। टीना ने वर्ष 2015 में फिल्म ‘सेकंड हैंड हसबैंड’ से बॉलीवुड में कदम रखा था, जबकि यशवर्धन भी जल्द ही फिल्मी दुनिया में अपना डेब्यू करने की तैयारी कर रहे हैं। गोविंदा और सुनीता की नोकझोंक, मजाकिया अंदाज और मजबूत रिश्ते की झलक इस एपिसोड में भी देखने को मिलेगी, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।







