Main Slideराजनीति

दतिया उपचुनाव में BJP में बगावत! नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने पर जिलाध्यक्ष समेत पूरी कार्यकारिणी का इस्तीफा

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) में अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आ गया है। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने से उनके समर्थकों में भारी नाराजगी है। विरोध इतना बढ़ गया कि दतिया भाजपा के जिलाध्यक्ष सहित पूरी जिला कार्यकारिणी ने अपने पदों से सामूहिक इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया।

जिलाध्यक्ष ने फैसले को बताया एकतरफा

दतिया भाजपा के जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा ने कहा कि उपचुनाव के लिए उम्मीदवार चयन का फैसला पार्टी ने कार्यकर्ताओं से बिना चर्चा किए एकतरफा तरीके से लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि समर्पित कार्यकर्ताओं की पूरी तरह उपेक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चर्चा के बाद यह सामूहिक निर्णय लिया गया है।

24 घंटे का अल्टीमेटम

जिलाध्यक्ष ने पार्टी नेतृत्व को 24 घंटे का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में डॉ. नरोत्तम मिश्रा को उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया तो वे और उनके समर्थक भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, नगर पालिका पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, पार्षद और दतिया विधानसभा के सभी 291 बूथ अध्यक्षों सहित कई पदाधिकारियों ने अपने दायित्व छोड़ने का फैसला किया है।

आशुतोष तिवारी को मिला टिकट

भाजपा ने 30 जुलाई को होने वाले दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। टिकट की घोषणा शुक्रवार को की गई। माना जा रहा था कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा को ही उम्मीदवार बनाया जाएगा। उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था, इसलिए पार्टी का फैसला उनके समर्थकों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

दिल्ली जा सकते हैं नरोत्तम मिश्रा

पार्टी सूत्रों के अनुसार, टिकट वितरण के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा दिल्ली जाकर शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर सकते हैं। वहीं, उनके कई समर्थक भी शनिवार को दिल्ली कूच कर अपनी नाराजगी दर्ज कराने की तैयारी में हैं।

आशुतोष तिवारी ने जताया आभार

दतिया जिले के सेवढ़ा निवासी आशुतोष तिवारी लंबे समय से प्रदेश भाजपा संगठन में सक्रिय हैं। उम्मीदवार घोषित होने के बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया और कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा उनके वरिष्ठ नेता और अभिभावक समान हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता मिलकर उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close