Main Slideमनोरंजन

‘श्री रामभूमि’ में अशोक सिंघल बनेंगे अनुपम खेर, बोले- यह मेरे करियर की बड़ी जिम्मेदारी

दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि वह आगामी फिल्म ‘श्री रामभूमि’ में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म के सेट से उनकी कुछ तस्वीरें सामने आने के बाद उनके किरदार को लेकर चल रही अटकलों पर अब खुद अभिनेता ने विराम लगा दिया है।

अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अनुपम खेर ने लिखा कि, “अब जबकि मेरे द्वारा निभाए जा रहे किरदार की कुछ तस्वीरें मीडिया में आ चुकी हैं, तो मुझे लगा कि मैं खुद ही बता दूं कि फिल्म ‘श्री रामभूमि’ में मैं श्री अशोक सिंघल जी की भूमिका निभा रहा हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि अशोक सिंघल केवल एक नेता नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के अनन्य सेवक थे। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को उन्होंने अपनी निष्ठा, दृढ़ संकल्प और समर्पण से नई दिशा दी। अनुपम खेर ने कहा कि इतिहास के इतने महत्वपूर्ण व्यक्तित्व को पर्दे पर ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जीवंत करना उनके लिए बेहद बड़ी जिम्मेदारी है और वह पूरी निष्ठा से इस भूमिका को निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी से आशीर्वाद और शुभकामनाएं भी मांगी।

फिल्म ‘श्री रामभूमि’ की शूटिंग इन दिनों अयोध्या में चल रही है। शूटिंग शुरू करने से पहले अनुपम खेर ने रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। समाचार एजेंसी से बातचीत में उन्होंने कहा, “रामलला और भगवान हनुमान के आशीर्वाद के बिना कोई भी शुभ कार्य कैसे शुरू हो सकता है। इसलिए मैं यहां उनका आशीर्वाद लेने आया हूं और सभी की सेहत, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की है।”

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close