Main Slideप्रदेश

मध्य प्रदेश में दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक से टकराई कार, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, महिला गंभीर

मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-43 (NH-43) पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार की टक्कर के कारण हुआ।

तड़के 3 बजे हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना 9 जुलाई की सुबह करीब 3 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के भरोला गांव स्थित सिद्ध बाबा मंदिर के पास हुई। अनूपपुर निवासी एक परिवार कार से किसी पारिवारिक कार्य के सिलसिले में यात्रा कर रहा था। इसी दौरान उमरिया और कटनी के बीच उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

एक ही परिवार के 4 लोगों की गई जान

हादसे में जिन लोगों की मौत हुई, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है—

  • कुलपत सिंह (37 वर्ष)
  • सविता सिंह (32 वर्ष)
  • प्रियंका सिंह (24 वर्ष)
  • 3 वर्षीय मासूम बच्चा

महिला की हालत गंभीर, जबलपुर रेफर

दुर्घटना में 22 वर्षीय खुशबू गंभीर रूप से घायल हो गईं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी.के. चंदेल के अनुसार, अस्पताल पहुंचने के समय उनकी हालत बेहद नाजुक थी और नब्ज काफी कमजोर थी। डॉक्टरों ने तत्काल सीपीआर और प्राथमिक उपचार देकर उनकी स्थिति स्थिर करने का प्रयास किया। बेहतर इलाज के लिए उन्हें बाद में जबलपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close