Main Slideप्रदेश

‘मैं भी झारखंड के पलामू से हूं’: CM हेमंत सोरेन के सामने बोले गूगल के PR हेड, तालियों से गूंज उठा हॉल

झारखंड में निवेश और तकनीकी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय ‘नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन’ कार्यक्रम में उस समय भावुक माहौल बन गया, जब गूगल के पब्लिक रिलेशंस (PR) हेड राजेश रंजन ने मंच से अपना झारखंड से जुड़ाव साझा किया। उनकी बात सुनकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।

‘मैं भी झारखंड की माटी से आता हूं’

नई दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान राजेश रंजन ने अपने संबोधन में कहा, “मैं यहां मौजूद सभी लोगों को बताना चाहता हूं कि मैं भी झारखंड की माटी से आता हूं। मेरा संबंध पलामू से है।” उनके इतना कहते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

गूगल ने झारखंड के विकास में सहयोग का दिया भरोसा

राजेश रंजन ने कहा कि गूगल झारखंड के विकास में हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि तकनीक समाज में अवसरों की असमानता को कम करने का प्रभावी माध्यम बन सकती है। गूगल का विशेष फोकस राज्य के युवाओं को डिजिटल कौशल और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर रहेगा। इसके लिए कंपनी झारखंड में बड़े पैमाने पर क्षमता निर्माण (स्किल डेवलपमेंट) कार्यक्रम चलाने की योजना बना रही है।

तकनीकी निवेश पर मंथन

झारखंड सरकार की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य में औद्योगिक और तकनीकी निवेश को आकर्षित करना है। इसमें सूचना प्रौद्योगिकी (IT), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और अन्य उभरती तकनीकों से जुड़े निवेश के अवसरों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में Google, Microsoft, Oracle, KPMG समेत कई प्रमुख वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

हेमंत सोरेन बोले- झारखंड अपना विकास मॉडल तैयार करेगा

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड तकनीक, अनुसंधान, नवाचार और समावेशी विकास को आधार बनाकर अपना नया विकास मॉडल तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व आर्थिक मंच (WEF) में राज्य की भागीदारी के बाद अब झारखंड ‘टेक्नोलॉजी गवर्नेंस’ और आधुनिक तकनीकों के जरिए विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार दूसरे राज्यों के मॉडल की नकल करने के बजाय झारखंड की स्थानीय परिस्थितियों, संसाधनों और जरूरतों के अनुरूप नीतियां तैयार कर विकास को गति देगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close