Main Slideराष्ट्रीय

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का कहर: 3 घंटे में 34.9 मिमी वर्षा, सड़कें बनीं तालाब, गाजियाबाद में स्कूल बंद

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार तड़के से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद समेत कई इलाकों में लगातार तेज बारिश हो रही है। भारी वर्षा के चलते कई सड़कों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को घरों से निकलने और दफ्तर पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में देर रात 2:30 बजे से सुबह 5:30 बजे के बीच महज तीन घंटे में 34.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इसके साथ ही लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है। भारी बारिश के बाद राजधानी के कई इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं। मुनिरका, पीतमपुरा, शालीमार बाग समेत कई क्षेत्रों की सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई और लंबा जाम देखने को मिला।

वहीं, गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित श्याम पार्क एक्सटेंशन और नोएडा के कई सेक्टरों में जलभराव के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए। सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को घंटों तक ट्रैफिक और पानी से जूझना पड़ा। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने 9 जुलाई को जिले के सभी बोर्डों के कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर का प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जलभराव वाले इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जबकि ट्रैफिक पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून फिलहाल सक्रिय है और दिनभर रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close