शोपियां में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी: 4 दिन के ऑपरेशन के बाद लश्कर का टॉप कमांडर जाकिर गनई ढेर

दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। चार दिनों तक चले संयुक्त ऑपरेशन के बाद प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का शीर्ष कमांडर जाकिर गनई मारा गया। सुरक्षाबलों ने उसका शव घटनास्थल से बरामद किया, जिसके पास से हथियार और गोला-बारूद भी मिले हैं।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान शनिवार को शुरू हुआ था। चानपोरा गांव के जंगलों में जाकिर गनई और उसके साथियों के छिपे होने की सूचना मिलने पर सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और CRPF ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। बुधवार सुबह इलाके से गोलीबारी की आवाजें सुनाई देने के बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में जाकिर गनई का शव बरामद किया गया। मौके से हथियार और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद भी बरामद हुआ है। फिलहाल क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य आतंकी छिपा न हो।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ऑपरेशन की पुष्टि की। पुलिस ने पोस्ट में लिखा, “तुम भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते।” पुलिस ने बताया कि SOG शोपियां, सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और CRPF के संयुक्त अभियान में लश्कर के एक आतंकवादी को मार गिराया गया।
गौरतलब है कि शनिवार को दो संदिग्ध आतंकवादी CCTV फुटेज में दिखाई दिए थे। इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को सील कर जंगलों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। लगातार चार दिनों तक चली घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार लश्कर का शीर्ष कमांडर जाकिर गनई मारा गया।







