बेंगलुरु की पत्थर खदान में बड़ा हादसा, चट्टान गिरने से 7 मजदूरों की मौत, सभी मृतक बिहार के

कर्नाटक के बेंगलुरु दक्षिण जिले में गुरुवार सुबह एक पत्थर की खदान में हुए भीषण हादसे में 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। हादसा जिले के मदापट्टना क्षेत्र स्थित एक खदान में हुआ, जहां कावेरी कंपनी के कर्मचारी काम कर रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय खदान में करीब 15 से 20 मजदूर मौजूद थे। एक हिताची मशीन नए क्रशर की स्थापना के लिए लगभग 100 फीट ऊंचाई पर चट्टान हटाने और जगह साफ करने का काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक एक विशाल चट्टान नीचे आ गिरी, जिसकी चपेट में नीचे काम कर रहे कई मजदूर आ गए। जांच में सामने आया है कि हिताची मशीन का चालक ऊपर सफाई का कार्य कर रहा था और संभवतः उसे नीचे काम कर रहे मजदूर दिखाई नहीं दिए। आशंका है कि इसी वजह से चट्टान खिसककर मजदूरों पर गिर गई और यह दर्दनाक हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान बिहार के रहने वाले मजदूरों के रूप में हुई है। चट्टान के नीचे दबने से सभी सात मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की पुष्टि की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस हादसे पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि बेंगलुरु दक्षिण तालुक के मदापट्टना में क्रशर की दीवार गिरने से 7 श्रमिकों की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति, शोक संतप्त परिवारों को संबल और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि खदान संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और नियमों का उल्लंघन करने वाली खदानों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।







