बहराइच में पुलिस-मुठभेड़: 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर असलम पैर में गोली लगने से गिरफ्तार, दो साथी फरार

बहराइच। जिले के थाना बौंडी क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर असलम घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और बौंडी पुलिस को लगाया गया था। इसी दौरान 24/25 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली कि खैरा बाजार से आगे कुदई मार्ग पर कुछ बदमाश किसी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी भाग निकले।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान असलम पुत्र नदीम निवासी ग्राम सारी मेहराबाद, थाना रामगांव के रूप में हुई है। असलम थाना रामगांव का हिस्ट्रीशीटर है और थाना फखरपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 हजार रुपये नकद, सफेद धातु की दो जोड़ी पायल, आठ बिछिया, एक अवैध तमंचा .315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में बरामद सामान को चोरी की वारदातों से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस के अनुसार असलम के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार हुए उसके साथियों में एक की पहचान फिरोज निवासी थाना बौंडी क्षेत्र के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घायल असलम को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।







