Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड: मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 14, CM योगी ने रद्द किए सभी दौरे

लखनऊ के अलीगंज इलाके से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। अलीगंज स्थित एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। आग इतनी भयावह थी कि कई छात्र इमारत के अंदर फंस गए। जान बचाने के लिए कुछ छात्रों को ऊपरी मंजिलों से छलांग लगानी पड़ी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। फायर विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार 10 से 12 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका थी। आग की तीव्रता के कारण बचाव दल को इमारत के भीतर पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।

घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार और पूरे मामले की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी आगामी दौरे रद्द कर दिए हैं और लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं। अलीगढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि लखनऊ में हुई दुखद अग्निकांड की घटना में कुछ बच्चों की जान गई है, जिसके चलते उन्हें तत्काल वापस लौटना पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव (गृह) को मौके पर पहुंचकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close