धामी कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी और पद्मश्री जसपाल राणा को श्रद्धांजलि, दो मिनट का रखा गया मौन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरुवार को प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी और प्रसिद्ध निशानेबाज पद्मश्री जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए की गई।
बैठक के प्रारंभ में मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश के विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व और कार्यों को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडूड़ी का सार्वजनिक जीवन पारदर्शिता, ईमानदारी और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है। वहीं, पद्मश्री जसपाल राणा के खेल जगत में योगदान को भी याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि के बाद मंत्रिमंडल की बैठक की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई, जिसमें विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों और नीतिगत विषयों पर चर्चा की गई।







