Main Slideउत्तराखंड

उत्तराखंड में 97% मतदाताओं तक पहुंचे गणना प्रपत्र, निर्वाचन विभाग ने तेज की अपलोडिंग प्रक्रिया

प्रदेश में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्वाचन विभाग ने गणना प्रपत्र वितरण का काम लगभग पूरा कर लिया है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 17 जून तक राज्य के करीब 97 प्रतिशत मतदाताओं तक एसआईआर गणना प्रपत्र पहुंचाए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि देहरादून और नैनीताल जिलों में भी अब अभियान की रफ्तार तेज हुई है और वहां प्रगति में सुधार दर्ज किया गया है। विभाग का फोकस अब भरे हुए गणना प्रपत्रों को वापस एकत्र करने और उन्हें डिजिटल माध्यम से अपलोड करने पर है। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।

डॉ. जोगदंडे ने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और प्राप्त प्रपत्रों को बीएलओ एप के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है। अब तक करीब 12 प्रतिशत प्रपत्रों की ऑनलाइन अपलोडिंग पूरी की जा चुकी है। हालांकि, नैनीताल जिले में यह प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, जहां अब तक केवल 4 प्रतिशत डेटा अपलोड हुआ है।

उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) भी सहयोग कर रहे हैं। प्रदेशभर में लगभग 22,900 बीएलए निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी के करीब 11,400 और कांग्रेस के लगभग 10,900 बीएलए शामिल हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों से संबंधित किसी भी प्रकार के बदलाव या संशोधन की सूचना सात जुलाई से पहले विभाग को उपलब्ध करानी होगी। इसके लिए राजनीतिक दलों और बीएलए के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं, ताकि सभी आवश्यक जानकारियां समय पर साझा की जा सकें और पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी ढंग से पूरा किया जा सके।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close