Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

संदीप सिंह हत्याकांड में STF को बड़ी सफलता, 1 लाख का इनामी आरोपी गंगाराम यादव गिरफ्तार

लखनऊ के चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी कामयाबी मिली है। कई दिनों से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी गंगाराम यादव को STF ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, STF ने गंगाराम यादव को देर रात आलमबाग बस स्टेशन के पास से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उससे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में हत्या की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

दिनदहाड़े हत्या से दहला था लखनऊ

गौरतलब है कि 27 मई 2026 को राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय हुई जब संदीप सिंह अपनी कार से उतरकर कार्यालय की ओर जा रहे थे। तभी अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने के बाद संदीप सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

CCTV फुटेज से मिली जांच को दिशा

पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। फुटेज में हमलावर बेहद बेखौफ अंदाज में फायरिंग करते दिखाई दिए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और STF ने जांच तेज कर दी थी। जांच में पता चला कि हत्या की साजिश के तहत भाड़े के शूटरों का इस्तेमाल किया गया था। मामले में पीजीआई थाने में मुकदमा संख्या 291/2026 दर्ज किया गया था। STF इससे पहले इस मामले के मुख्य साजिशकर्ता समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

शूटरों की व्यवस्था कराने का आरोप

अंबेडकरनगर निवासी गंगाराम यादव पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर शूटरों की व्यवस्था कराने में अपनी भूमिका स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, उसने दिनेश कुमार यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन उर्फ मुबीन के कहने पर इस साजिश में सहयोग किया था। फिलहाल STF और पुलिस की टीमें मामले की आगे की जांच में जुटी हैं और इस हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close