रोशन सर के भाई की नेपाल में संदिग्ध मौत से बढ़ा विवाद, खान सर ने उठाए सवाल, पुलिस ने KGS के तीन कर्मचारियों को किया तलब

पटना में चल रहे विवाद के बीच ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। इस बीच पटना पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) के मैनेजर समेत तीन कर्मचारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब किया है।
नेपाल से सहरसा लाया गया शव
प्रिंस यादव का शव नेपाल के विराटनगर से उनके गृह जिला सहरसा लाया गया है। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच नेपाल और भारतीय एजेंसियों के स्तर पर की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच होगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
कोचिंग सेंटर पर चस्पा किया गया नोटिस
पटना पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज के परिसर में नोटिस चस्पा किया है। इसके साथ ही संस्थान के मैनेजर कन्हैया सिंह समेत तीन कर्मचारियों अजित कुमार और अंकित कुमार पांडे—को पूछताछ के लिए कदमकुआं थाने बुलाया गया। तीनों से थाने में बैठाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार कोचिंग सेंटर में हुए कथित हमला, हंगामा और तोड़फोड़ मामले में पहले से दर्ज एफआईआर के संबंध में उन्हें कई बार बुलाया गया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद नोटिस जारी कर तलब किया गया।
होटल में बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात नेपाल के मोरंग जिले के विराटनगर स्थित एक होटल में प्रिंस यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें तत्काल एक न्यूरो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है।
खान सर ने जताई साजिश की आशंका
इस मामले में खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक फैजल खान उर्फ खान सर का बयान भी सामने आया है। उन्होंने प्रिंस यादव की मौत पर गहरा दुख जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। खान सर ने कहा कि मामले में किसी साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता और पुलिस को सभी पहलुओं की जांच के बाद ही निष्कर्ष पर पहुंचना चाहिए। एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि घटना के समय प्रिंस यादव के साथ मौजूद लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया में मौत को लेकर अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
खान सर ने कहा कि यदि जांच एजेंसियों को उनकी किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी तो वह पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं। साथ ही उन्होंने प्रिंस यादव को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। फिलहाल प्रिंस यादव की मौत और पटना में कोचिंग संस्थानों से जुड़े विवाद दोनों मामलों में जांच जारी है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां सभी तथ्यों को जुटाने में लगी हुई हैं।







