मनोरंजन

‘370 की बिरयानी’ विवाद पर कॉमेडियन प्रणित मोरे की सफाई, बोले- मुझसे गलती हुई, माफ कर दीजिए

कॉमेडियन प्रणित मोरे इन दिनों अपने एक वायरल वीडियो को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं। ‘370 की बिरयानी’ विवाद के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया गया। इसी बीच प्रणित मोरे ने एक वीडियो जारी कर पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है और लोगों से माफी भी मांगी है। उन्होंने बताया कि विवाद के बाद उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया था, जिसे अब दोबारा बहाल कर दिया गया है।

‘मुझे उसी वक्त रोक देना चाहिए था’

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में प्रणित मोरे ने कहा, “मैं काफी समय से आप सबसे बात करना चाहता था, लेकिन मेरा इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया था। आप सभी ने मेरा क्राउड वर्क वाला वीडियो देखा होगा, जिसके बाद मुझे काफी नफरत मिली। मुझे लगता है कि मैं उस आलोचना का हकदार हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “शो के दौरान उस लड़के ने जो बातें कहीं, वो गलत थीं और मुझे उसे उसी समय रोक देना चाहिए था। मेरी वजह से अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं उसके लिए माफी मांगता हूं।”

‘मैं खुद पर और अपने कंटेंट पर काम कर रहा हूं’

प्रणित मोरे ने वीडियो में कहा कि वह इस पूरे मामले को एक सीख की तरह देख रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं अथॉरिटीज के साथ पूरी तरह सहयोग कर रहा हूं। मैं बस इतना चाहता हूं कि लोग मुझे एक मौका दें। मैं खुद पर और अपने कंटेंट पर काम कर रहा हूं। आने वाले समय में लोग मेरे काम में बदलाव भी देखेंगे।”

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, हाल ही में गुरुग्राम में प्रणित मोरे का एक लाइव शो आयोजित हुआ था। शो के दौरान ऑडियंस में मौजूद हिमांशु जांगरा नाम के युवक ने अपनी डेटिंग लाइफ से जुड़ा एक किस्सा सुनाया। इस दौरान उसने महिलाओं को लेकर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।

वायरल वीडियो में दावा किया गया कि प्रणित मोरे ने युवक को रोकने के बजाय उससे और विस्तार से बात करने को कहा। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ गया और दोनों को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा।

सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस

 

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कॉमेडी शोज़ में इस्तेमाल होने वाली भाषा और कंटेंट को लेकर बहस तेज हो गई। कई यूजर्स ने इसे गैरजिम्मेदाराना बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे ‘क्राउड वर्क’ का हिस्सा कहकर अलग नजरिए से भी देखा। फिलहाल प्रणित मोरे की सफाई के बाद भी यह मामला चर्चा में बना हुआ है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close