Main Slideउत्तर प्रदेशराजनीति

अखिलेश यादव की बेटी पर सोशल मीडिया टिप्पणी पर भड़के सीएम योगी, तुरंत FIR दर्ज करने के दिए निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बड़ी बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। इस मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी बेटी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषियों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधिकारियों को तत्काल एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा, “बेटी, बेटी होती है। उसके सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि वे स्वयं यह देख रहे थे कि समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ कुछ लोगों ने गलत भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि समाज में मर्यादा और संस्कार बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “हमारी संस्कृति में कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी होती है। ऐसे में किसी भी बेटी के प्रति अपमानजनक टिप्पणी अस्वीकार्य है।”

अखिलेश यादव पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, “अखिलेश जी दूसरों को नसीहत देने से पहले अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को भी भाषा की मर्यादा समझाएं। अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो हमें बताएं, हम समझा देंगे।”

सीएम योगी ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सभी को अपनी भाषा और व्यवहार पर नियंत्रण रखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि नेताओं और उनके समर्थकों को चाहिए कि वे किसी भी वर्ग, महिला, बुजुर्ग या दिवंगत व्यक्तियों के प्रति सम्मानजनक भाषा का प्रयोग करें।

गौरतलब है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर अदिति यादव को लेकर एक आपत्तिजनक टिप्पणी वायरल हुई थी, जिसके बाद यह मामला तेजी से तूल पकड़ गया। अब मुख्यमंत्री के बयान के बाद यह मुद्दा और अधिक राजनीतिक रूप से गर्मा गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close