पश्चिम विहार के जिम पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, गुरु रंधावा से कनेक्शन की जांच जारी

दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित 24 HRS Fitness जिम पर गुरुवार सुबह अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेश जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। गैंगस्टर ने दावा किया कि जिस जिम पर फायरिंग की गई, उसका संबंध पंजाबी गायक और अभिनेता गुरु रंधावा से है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने क्या बताया?
आउटर दिल्ली के डीसीपी के अनुसार, 11 जून की सुबह पश्चिम विहार ईस्ट थाने को पुष्कर एन्क्लेव स्थित “24 HRS Fitness” जिम में फायरिंग की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे, जिम के शीशों पर कई राउंड फायरिंग की। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस और जिला प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं।
गुरु रंधावा से कनेक्शन की पुष्टि नहीं
पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में जिम का सीधा संबंध गुरु रंधावा से सामने नहीं आया है। अधिकारियों के मुताबिक, जिम का स्वामित्व टैगोर गार्डन निवासी एक व्यक्ति के पास है। फायरिंग वाली जगह सीसीटीवी कैमरों की सीधी निगरानी से बाहर बताई जा रही है, हालांकि आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
गैंगस्टर का दावा बना जांच का विषय
जहां एक ओर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है, वहीं पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गुरु रंधावा और जिम के बीच किसी भी संबंध की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी।







