Main Slideउत्तर प्रदेशप्रदेश

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा पर सीएम योगी सख्त, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, 6 जून को होगा रिहर्सल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था और पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, आईजी और डीआईजी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 6 जून को रिहर्सल कराया जाए, ताकि व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रह जाए।

समीक्षा बैठक में सीएम योगी ने परीक्षा से जुड़ी अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर विशेष चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गलत जानकारी फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुचिता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। प्रदेश में 8, 9 और 10 जून को पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए करीब 28 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों में भ्रम या घबराहट फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परीक्षा की निगरानी तकनीकी माध्यमों से की जाए और पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार इस वर्ष पुलिस विभाग में 81 हजार से लेकर 1 लाख तक पदों पर भर्ती का अभियान चला रही है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सुरक्षा, निगरानी और अफवाह नियंत्रण के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। योगी सरकार पहले भी पेपर लीक जैसी घटनाओं के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाती रही है। इन निर्देशों का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया में युवाओं का भरोसा बनाए रखना और परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाना है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close