सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लेने पहुंचे डीके शिवकुमार, कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन के संकेत तेज

कर्नाटक की राजनीति में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों के बीच गुरुवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आवास पहुंचे और सार्वजनिक तौर पर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद सिद्धारमैया ने उन्हें गले लगा लिया। इस घटनाक्रम को राज्य में संभावित सत्ता परिवर्तन के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसी बीच डीके शिवकुमार के समर्थकों में उत्साह का माहौल नजर आया। बेंगलुरु के मेखरी सर्कल समेत कई जगहों पर शिवकुमार के समर्थन में पोस्टर लगाए गए हैं और समर्थकों ने मिठाइयां बांटना भी शुरू कर दिया है।
सीएम आवास पर मंत्रियों की जुटान
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने सरकारी आवास ‘कावेरी’ में मंत्रियों और विधायकों को ब्रेकफास्ट मीटिंग के लिए बुलाया। बैठक में संतोष लाड, बी सुरेश, एमबी पाटिल और रामालिंगा रेड्डी समेत कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। डीके शिवकुमार भी बेंगलुरु पहुंचने के बाद सीधे मुख्यमंत्री आवास गए। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि जिस तरह शिवकुमार ने सार्वजनिक रूप से सिद्धारमैया का आशीर्वाद लिया, वह कांग्रेस के भीतर किसी बड़े राजनीतिक फैसले की ओर इशारा करता है।
कई दिनों से चल रही थी सत्ता परिवर्तन की चर्चा
कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीतिक हलचल जारी थी। राज्य से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस नेतृत्व के साथ कई दौर की बैठकों का दौर चला। सूत्रों के मुताबिक सिद्धारमैया को मनाने के लिए उन्हें राज्यसभा भेजने जैसे विकल्पों पर भी चर्चा हुई। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने लगातार मुख्यमंत्री बदलने की अटकलों से इनकार किया, लेकिन अब सामने आ रही तस्वीरें और राजनीतिक गतिविधियां यह संकेत दे रही हैं कि पार्टी नेतृत्व ने सत्ता परिवर्तन की तैयारी लगभग पूरी कर ली है।







