यूपी में बिजली संकट पर सरकार अलर्ट, CM योगी की अपील- जरूरत हो तभी चलाएं AC और पंखे

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राज्य के कई जिलों में लगातार कटौती और लो-वोल्टेज की शिकायतों को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। कई जगहों पर लोगों ने बिजली उपकेंद्रों का घेराव भी किया। बढ़ती नाराजगी के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
इसी बीच राज्य के बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से बिजली बचाने की अपील की है। विभाग की ओर से जारी एक ऑडियो संदेश में कहा गया है, “बिजली सिर्फ तार से नहीं, तहज़ीब से भी आती है।” लोगों से अपील की गई है कि वे बिजली का इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक करें और अनावश्यक खपत से बचें।
बिजली विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि दिन में बेवजह लाइट, पंखे और AC न चलाएं। AC को 24 डिग्री तापमान पर इस्तेमाल करें और पानी की मोटर का सीमित उपयोग करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि एक साथ अधिक भारी उपकरण चलाने से ट्रांसफॉर्मर पर दबाव बढ़ता है, जिससे फॉल्ट और आग लगने का खतरा भी बढ़ सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी लोगों से जिम्मेदार उपभोक्ता बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि घर में कोई न हो तो पंखे और AC बंद रखें तथा डेकोरेशन लाइटों के इस्तेमाल से बचें, ताकि सभी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बिजली विभाग की प्रमुख अपीलें
गर्मियों में जरूरत के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें
दिन में अनावश्यक लाइट, पंखे और AC बंद रखें
AC को 24 डिग्री पर चलाएं
एक साथ ज्यादा भारी उपकरण चलाने से बचें
पानी की मोटर और AC का सीमित उपयोग करें
खराब वायरिंग और ढीले कनेक्शन तुरंत ठीक कराएं
कटिया और अवैध बिजली उपयोग से बचें
बिजली बचाकर ट्रांसफॉर्मर और लाइन फॉल्ट कम करने में सहयोग करें
बिजली सप्लाई को लेकर CM योगी के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि:
1. शहरों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए
2. गांवों में कम से कम 18 घंटे बिजली दी जाए
3. बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाई जाए
4. ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत किया जाए
5. फीडर स्तर पर मॉनिटरिंग बढ़ाई जाए
6. उपभोक्ताओं की शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए







