Main Slideराष्ट्रीय

SSC GD परीक्षा में अव्यवस्था, क्षमता से दोगुने अभ्यर्थी बुलाने पर हंगामा, परीक्षा रद्द

कानपुर में सोमवार को आयोजित SSC GD परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली। क्षमता से दोगुने से अधिक अभ्यर्थियों को बुलाए जाने के कारण परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई। नाराज अभ्यर्थियों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद परीक्षा रद्द करनी पड़ी। मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर स्थित श्रीमती रामकली इकबाल बहादुर ऑनलाइन सेंटर का है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को दो पालियों में SSC GD परीक्षा आयोजित होनी थी। पहली पाली दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक निर्धारित थी। परीक्षा केंद्र की कुल क्षमता 399 अभ्यर्थियों की थी, लेकिन SSC की ओर से इस केंद्र के लिए 819 उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए। करीब 350 अभ्यर्थियों का सत्यापन कर उन्हें परीक्षा कक्ष में बैठाया जा चुका था, तभी बड़ी संख्या में अन्य परीक्षार्थी भी पहुंच गए और बैठने की मांग करने लगे। पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण स्थिति बिगड़ गई। सेंटर प्रबंधन ने इस अव्यवस्था के लिए SSC की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। सेंटर के आईयू रामबाबू ने बताया कि मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद परीक्षा रद्द करने के निर्देश दिए गए।

परीक्षा रद्द होने की सूचना मिलते ही अभ्यर्थियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने केंद्र के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ छात्रों ने कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे जाम करने की कोशिश की, हालांकि पुलिस ने उन्हें रोक दिया। मौके पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह, एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा समेत कई थानों की पुलिस पहुंच गई।

करीब चार घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को समझाकर शांत कराया। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि छात्रों ने किसी प्रकार की तोड़फोड़ या हिंसा नहीं की। उन्होंने कहा कि केंद्र की क्षमता 399 थी, जबकि 819 एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए थे, जिससे परीक्षा कराना संभव नहीं हो पाया। SSC अधिकारियों से बातचीत के बाद दोनों शिफ्ट की परीक्षा रद्द कर दी गई। डीसीपी ने बताया कि रद्द हुई परीक्षा की नई तारीख जल्द SSC की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। साथ ही छात्रों की यात्रा खर्च वापस कराने की मांग भी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close