Main Slideराष्ट्रीय

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, बारिश और तेज हवाओं से भीषण गर्मी से मिली राहत

दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह तेज धूप के बाद आसमान में काले बादल छा गए और कई इलाकों में बारिश हुई। इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई थी। बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। पिछले कुछ दिनों से राजधानी का तापमान लगातार 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कई हिस्सों में लू जैसी स्थिति बनी रही। राजधानी के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में भी तापमान काफी ऊंचा रहा। पालम में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री, लोधी रोड में 43.4 डिग्री, रिज क्षेत्र में 44.4 डिग्री और आयानगर में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्काइमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि जून की शुरुआत से मानसून पूर्व गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से और राहत मिल सकती है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close