IPL 2026: रियान पराग की 90 रन की तूफानी पारी, राजस्थान ने खराब शुरुआत के बाद संभाली पारी

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 43वें मुकाबले में शुक्रवार, 1 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच खेला जा रहा है। टॉस जीतकर राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। राजस्थान की शुरुआत बेहद खराब रही। यशस्वी जायसवाल सिर्फ 6 रन बनाकर मिचेल स्टार्क का शिकार बने। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी भी 4 रन बनाकर काइल जैमीसन की गेंद पर आउट हो गए।
शुरुआती झटकों के बाद कप्तान रियान पराग ने पारी को संभाला और शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने पहले 32 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और फिर कुल 50 गेंदों में 90 रन की तेजतर्रार पारी खेली। पराग ने 180 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 8 चौके और 5 छक्के जड़े। हालांकि, वह शतक से 10 रन दूर रह गए और अंत में मिचेल स्टार्क की गेंद पर आउट हो गए। यह उनका IPL 2026 में पहला अर्धशतक रहा।
गौरतलब है कि रियान पराग हाल ही में ई-सिगरेट (वेपिंग) विवाद को लेकर चर्चा में रहे थे। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस मामले में उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट अंक लगाया था। वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने भले ही इस मैच में कम रन बनाए, लेकिन उन्होंने टी20 क्रिकेट में सिर्फ 28 पारियों में 100 छक्के पूरे करने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है।







