Main Slideखेल

कोहली vs गिल मुकाबले में दिखा जोश, मैच के बाद गले मिलकर खत्म हुई टक्कर

आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए मुकाबले में एक बार फिर सबकी नजरें विराट कोहली और शुभमन गिल पर टिकी रहीं। दोनों खिलाड़ियों की तुलना लंबे समय से होती रही है, और इस मैच में भी दोनों ने अपने अंदाज से फैंस का ध्यान खींचा।

अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में विराट कोहली ने आते ही आक्रामक अंदाज दिखाया। उन्होंने पहले ही ओवर में कगिसो रबाड़ा की पांच गेंदों पर पांच चौके जड़ दिए, जिससे लगा कि वे बड़ी पारी खेलने वाले हैं। हालांकि उनकी यह पारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी और वे 13 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी इस पारी में पांच चौके और एक छक्का शामिल रहा। कोहली के जल्दी आउट होने का असर टीम पर भी पड़ा और आरसीबी की पूरी टीम 155 रन पर सिमट गई। टीम अपने 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी और चार गेंद पहले ही ऑलआउट हो गई।

जवाब में गुजरात टाइटंस की ओर से शुभमन गिल ने भी तेज शुरुआत की। उन्होंने 18 गेंदों पर 43 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे। गिल अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर विराट कोहली ने उनका कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत कर दिया। गिल का कैच लेने के बाद विराट कोहली का एग्रेशन एक बार फिर देखने को मिला। उन्होंने जोरदार अंदाज में जश्न मनाते हुए गेंद को जमीन पर पटक दिया और भुवनेश्वर कुमार के साथ खुशी जाहिर की। कोहली का यह अंदाज पहले भी कई बार मैदान पर देखा जा चुका है।

हालांकि मैच के बाद तस्वीर पूरी तरह अलग नजर आई। दोनों टीमें जब एक-दूसरे से मिलीं, तो विराट कोहली और शुभमन गिल ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और गले भी लगे। इस दौरान दोनों के बीच हल्की-फुल्की बातचीत भी हुई और दोनों मुस्कराते नजर आए, जिसने फैंस का दिल जीत लिया।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close