Main Slideराष्ट्रीय

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से गर्मी पर ब्रेक, कई इलाकों में ओलावृष्टि, IMD का ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को उस समय बड़ी राहत मिली, जब तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में ओलावृष्टि ने लोगों को चौंका दिया, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर और यमुना विहार समेत कई इलाकों में बड़े आकार के ओले गिरने की खबर है। वहीं राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और यातायात भी प्रभावित हुआ।

पहले ही जारी हुआ था अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही दिल्ली-एनसीआर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। विभाग ने चेतावनी दी थी कि दिलशाद गार्डन, शाहदरा, कश्मीरी गेट, आईटीओ और इंडिया गेट जैसे इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई थी।

मौसम विभाग ने सीलमपुर, यमुना विहार, विवेक विहार, प्रीत विहार, लाजपत नगर, कालकाजी, तुगलकाबाद, नेहरू स्टेडियम, सिविल लाइंस और कश्मीरी गेट जैसे क्षेत्रों में ओलावृष्टि को लेकर सतर्क रहने की सलाह भी दी है।

तापमान में गिरावट, मिली राहत

अचानक बदले मौसम के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिनों की तुलना में कम है। तेज हवाओं और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह बदलाव सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ है, जिसका असर उत्तर भारत के कई राज्यों में देखने को मिल रहा है।

आने वाले दिनों का हाल

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 1 और 2 मई को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और तापमान फिर से बढ़कर 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि 3 मई को एक बार फिर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close