बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर का मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर, जिम में बर्थडे पार्टी के दौरान हुई थी तीन की हत्या

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी जीतू सैनी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। इस सनसनीखेज मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि जीतू सैनी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल को एक जिम में जीतू सैनी का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों द्वारा उसके चेहरे पर केक लगाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ी कि जीतू सैनी ने .32 बोर की पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिसमें आकाश, मनीष और अमनदीप नाम के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि मृतक एक भाजपा नेता के परिवार से जुड़े थे।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले मयंक नाम के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया, जबकि रिंकू सैनी और भारत सैनी को खुर्जा नगर पुलिस और स्वाट टीम ने 28-29 अप्रैल की रात मुंडाखेड़ा नहर के पास संयुक्त अभियान में दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी जीतू सैनी के साथ ढाकर रोड पर मुठभेड़ हुई। इस दौरान एसओजी प्रभारी असलम और एक सिपाही भी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। मुठभेड़ के बाद आरोपी के पास से दो पिस्टल, एक तमंचा और जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए गए।
वहीं, रिंकू और भारत सैनी को पुलिस वारदात से जुड़े डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) की बरामदगी के लिए मौके पर ले गई थी। इस दौरान दोनों ने कथित तौर पर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की और छिपाए गए हथियारों से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उनके पैरों में गोली मारकर उन्हें काबू कर लिया। इस घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और बुलडोजर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।







