कांकेर में मुठभेड़: 5 लाख की इनामी महिला नक्सली ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सोमवार सुबह सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली। छोटे बेतिया थाना क्षेत्र के जंगलों में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 5 लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली को मार गिराया। मारी गई महिला नक्सली की पहचान माओवादी एरिया कमांडर के रूप में हुई है, जिसकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के अनुसार, सुरक्षाबलों की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी, तभी जंगल में मौजूद नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक महिला नक्सली मारी गई। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। बताया गया है कि मारी गई महिला नक्सली प्रतापपुर क्षेत्र समिति की सदस्य थी और कई नक्सली गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल रही थी। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ स्थल से उसका शव और हथियार बरामद कर लिया गया है।
गौरतलब है कि यह मुठभेड़ राज्य सरकार द्वारा 31 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ को सशस्त्र माओवादियों से मुक्त घोषित किए जाने के महज 12 दिन बाद हुई है। इस घटना ने क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इलाके में अभियान लगातार जारी रहेगा। मृत नक्सली के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।







