लखनऊ में पोस्टर वॉर : अखिलेश को बताया ‘रहमान डकैत’, योगी को ‘धुरंधर’ सीएम

लखनऊ में बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर सियासी पोस्टर वॉर छिड़ गया है। शहर के कई इलाकों में लगे होर्डिंग्स के जरिए अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ को लेकर तुलना की गई है। ये पोस्टर ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ नाम के संगठन की ओर से लगाए गए हैं, जो सीएम आवास समेत कई प्रमुख चौराहों पर देखे गए। पोस्टरों में समाजवादी पार्टी के शासनकाल को फिल्म में दिखाए गए ‘ल्यारी राज’ से जोड़ते हुए अखिलेश यादव को ‘रहमान डकैत’ के अंदाज में दर्शाया गया है।
वहीं दूसरी ओर योगी आदित्यनाथ को ‘धुरंधर सीएम’ के रूप में पेश किया गया है। उनकी तस्वीर के साथ माफिया विरोधी कार्रवाई को दर्शाने के लिए अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और मुकीम काला से जुड़ी खबरों की कटिंग भी लगाई गई है। इन पोस्टरों में सपा सरकार के दौरान हुए मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली के दंगों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा गया है। पोस्टर के बाईं ओर उनकी तस्वीर के साथ ‘अखिलेश का ल्यारी राज’ लिखा गया है, जबकि दाईं ओर योगी आदित्यनाथ की तस्वीर के साथ ‘धुरंधर सीएम’ लिखा गया है।
खास बात यह है कि ये पोस्टर सिर्फ लखनऊ तक सीमित नहीं हैं। लखनऊ के अलावा मलिहाबाद, सीतापुर, हरदोई, जौनपुर, बाराबंकी, आजमगढ़, नोएडा, प्रतापगढ़, अमेठी और गोंडा समेत कई जिलों में भी ऐसे होर्डिंग लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के सामने आने के बाद प्रदेश की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। अब देखना होगा कि समाजवादी पार्टी इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है।







