पवन खेड़ा के घर पहुंची असम पुलिस, एफआईआर के बाद बढ़ीं मुश्किलें

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। असम पुलिस की टीम दिल्ली पुलिस के साथ उनके दिल्ली स्थित निजामुद्दीन ईस्ट आवास पर पहुंची। जानकारी के मुताबिक असम पुलिस के चार अधिकारी स्थानीय पुलिस की मदद से उनके घर डी-12 तक पहुंचे, लेकिन उस समय पवन खेड़ा घर पर मौजूद नहीं थे।
बताया जा रहा है कि पवन खेड़ा फिलहाल दिल्ली से बाहर किसी अन्य राज्य के दौरे पर हैं। असम पुलिस ने पहले निजामुद्दीन थाने से संपर्क किया था, जिसके बाद स्थानीय पुलिसकर्मी उन्हें पते तक लेकर गए। यह कार्रवाई हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद हुई है। दोनों ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ लगाए गए विदेशी पासपोर्ट से जुड़े आरोप पूरी तरह झूठे हैं।
दरअसल, पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिनिकी भुइयां शर्मा पर तीन देशों के पासपोर्ट रखने और विदेशों में निवेश से जुड़े आरोप लगाए थे। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रिनिकी भुइयां शर्मा ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि यह पूरी तरह झूठ है और इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व फोटोशॉप का इस्तेमाल किया गया है।
इस मामले को लेकर हिमंत बिस्वा सरमा और पवन खेड़ा के बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ने दावा किया है कि चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए उग्रवादी संगठनों से संपर्क के आरोप में खेड़ा के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं और जांच जारी है। वहीं पवन खेड़ा ने पलटवार करते हुए कहा था कि चुनाव के बाद मुख्यमंत्री को उनके कथित भ्रष्टाचार के कारण जेल जाना पड़ सकता है। इस पूरे घटनाक्रम ने सियासी माहौल को और गरमा दिया है।







