Main Slideराष्ट्रीय

पुणे में दर्दनाक हादसा: बास्केटबॉल स्टैंड गिरने से छात्र की मौत, कैंपस में हंगामा

महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक दर्दनाक हादसे में छात्र की जान चली गई। अयोध्या निवासी विशाल वर्मा, तलेगांव स्थित टोलानी मैरिटाइम इंस्टीट्यूट में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र थे। कॉलेज कैंपस में बास्केटबॉल खेलते समय अचानक स्टैंड उनके ऊपर गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पूरे कॉलेज कैंपस में हड़कंप मच गया और छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विशाल अपने दोस्तों के साथ स्पोर्ट्स ग्राउंड में खेल रहे थे, तभी अचानक लोहे का भारी बास्केटबॉल स्टैंड उखड़कर सीधे उनके सिर पर गिर पड़ा। हादसा इतना भीषण था कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

छात्रों और परिजनों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि संस्थान में खेल उपकरणों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। आरोप है कि बास्केटबॉल स्टैंड की फिटिंग और नियमित जांच नहीं की गई थी। सोमवार को जब पुलिस जांच के लिए कैंपस पहुंची तो आक्रोशित छात्रों ने घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रारंभिक जांच में यह देखा जा रहा है कि स्टैंड जंग लगने, कमजोर फाउंडेशन या ढीले बोल्ट्स के कारण गिरा।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि संस्थान में खेल उपकरणों का नियमित निरीक्षण होता था या नहीं। पोस्टमॉर्टम के बाद विशाल का शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जो गहरे सदमे में हैं। डीसीपी श्वेता खेडकर ने आश्वासन दिया है कि मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close