Main Slideराष्ट्रीय

गाजीपुर में फर्जी इनकम टैक्स अफसर बनकर वसूली करने वाला गैंग बेनकाब, 3 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में व्यापारियों से अवैध वसूली करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। शादियाबाद बाजार में व्यापारियों की सतर्कता और एकजुटता से इस गैंग की साजिश नाकाम कर दी गई। आरोपी खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर दुकानों पर फर्जी छापेमारी करते थे और कार्रवाई का डर दिखाकर मोटी रकम वसूलते थे।

इस गिरोह में एक महिला समेत करीब आठ लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। व्यापारियों ने मौके पर तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पिछले कुछ दिनों से शादियाबाद और सैदपुर क्षेत्र में व्यापारियों से अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। गिरोह के सदस्य संगठित तरीके से दुकानों पर पहुंचते और खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर नकली छापेमारी करते थे।

मामले का खुलासा तब हुआ जब उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष इकरामुल हक को व्यापारियों ने संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी दी। बातचीत के दौरान तथाकथित अधिकारियों के व्यवहार पर शक होने के बाद व्यापारियों ने एकजुट होकर उन्हें पकड़ने की कोशिश की।

बताया जा रहा है कि आरोपी लग्जरी वाहन से मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन व्यापारियों ने तीन लोगों को पकड़ लिया। गिरोह का मुख्य आरोपी सरस कुमार गुप्ता फरार है, जो सादात थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है और खुद को चीफ कमिश्नर बताकर व्यापारियों को धमकाता था। घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने शादियाबाद थाने में नामजद तहरीर देकर पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close