Main Slideप्रदेश

कुल्लू में दर्दनाक सड़क हादसा: टेम्पो ट्रैवलर खाई में गिरा, 4 की मौत, 16 घायल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बंजार क्षेत्र के सोजा में एक टेम्पो ट्रैवलर खाई में गिर गया, जिससे मौके पर ही 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, वाहन में करीब 20 लोग सवार थे और यह जालोरी दर्रे से लौट रहा था। इसी दौरान गाड़ी अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए।

स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रीजनल हॉस्पिटल कुल्लू रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

इस हादसे की पुष्टि करते हुए कुल्लू के एसपी मदन लाल कौशल ने बताया कि दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हुई है और 16 लोग घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल शवों को मुर्दाघर में रखा गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close