तमिलनाडु चुनाव: AIADMK की तीसरी सूची जारी, चेन्नई की सीटों पर दिग्गजों को मौका

चेन्नई में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) ने 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए अपनी तीसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में 17 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं, जिनमें चेन्नई की अहम सीटों पर अनुभवी नेताओं को उतारा गया है। पार्टी के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी सीट से वरिष्ठ नेता आदि राजाराम को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, थाउजेंड लाइट्स सीट से पूर्व मंत्री बी. वलारमति और अन्ना नगर सीट से पूर्व मंत्री एस. गोकुला इंदिरा को मैदान में उतारा गया है।
AIADMK अब तक तीन चरणों में कुल 167 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। इससे पहले पार्टी ने पहली और दूसरी सूची के जरिए 150 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए थे। तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 23 अप्रैल को मतदान होना है।
पहली सूची 25 मार्च को जारी की गई थी, जिसमें 23 उम्मीदवारों को शामिल किया गया था। इसमें एडप्पादी के. पलानीस्वामी को उनकी पारंपरिक एडप्पादी सीट से टिकट दिया गया था और 21 पूर्व मंत्रियों को जगह मिली थी। इसके बाद 27 मार्च को जारी दूसरी सूची में 127 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए, जिसमें 46 मौजूदा विधायकों और 17 महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया गया था।







