पवन सिंह का तेलुगु डेब्यू गाना ‘टच बडी’ रिलीज, यूट्यूब पर मचा रहा धूम

भोजपुरी इंडस्ट्री के पावरस्टार पवन सिंह की लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। भोजपुरी सिनेमा में अपनी धाक जमाने के बाद अब वह साउथ इंडस्ट्री में भी कदम रख चुके हैं। उनका नया गाना Touch Body रिलीज हो गया है, जो Dakuait: A Love Story का हिस्सा है।
इस गाने का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे और रिलीज होते ही यह यूट्यूब और सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड करने लगा। खास बात यह है कि इस गाने में पहली बार पवन सिंह ने तेलुगु भाषा में अपनी आवाज दी है, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। उनके साथ इस गाने को जोनिता गांधी ने भी गाया है।
गाने के वीडियो में अदिवि सेश को पवन सिंह और जोनिता गांधी के साथ डांस करते देखा जा सकता है। इसके बोल वायु श्रीवास्तव ने लिखे हैं, जबकि संगीत भीम्स सेसीरोलियो ने दिया है। गाने के बीट्स और लिरिक्स दोनों ही दर्शकों को खूब आकर्षित कर रहे हैं, जिसकी वजह से यह रिलीज के साथ ही हिट हो गया है। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार गाने की तारीफ कर रहे हैं। कोई पवन सिंह की वापसी को ‘किंग इज बैक’ बता रहा है, तो कोई भोजपुरी और साउथ के इस मेल को शानदार बता रहा है।
बता दें कि साउथ इंडस्ट्री से पहले पवन सिंह बॉलीवुड में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं। उन्होंने Stree 2 के गाने ‘आई नहीं’ में श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव के साथ काम किया था, जिसे भी दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। वहीं, फिल्म ‘डकैत: एक प्रेम कथा’ 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।







