आईपीएल 2026: आरसीबी ने 15.4 ओवर में 202 रन चेज कर रचा इतिहास, हैदराबाद को 6 विकेट से हराया

आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हरा दिया। 202 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने महज 15.4 ओवर में जीत हासिल कर आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 200 से अधिक रन का टारगेट चेज करने का नया रिकॉर्ड बना दिया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के नाम था, जिन्होंने आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 15.5 ओवर में 200+ लक्ष्य हासिल किया था। आरसीबी का ही नाम इस सूची में तीसरे स्थान पर भी है, जब उन्होंने 2024 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 16 ओवर में लक्ष्य चेज किया था। इस सूची में चौथे नंबर पर मुंबई इंडियंस (16.3 ओवर, 2023) और पांचवें स्थान पर दिल्ली कैपिटल्स (17.3 ओवर, 2017) मौजूद हैं।
मैच की बात करें तो आरसीबी के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। विराट कोहली ने 38 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाए, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 26 गेंदों में 61 रन की तेज पारी खेली। कप्तान रजत पाटीदार ने 12 गेंदों में 31 रन का योगदान दिया, वहीं टिम डेविड ने 10 गेंदों में 16 रन जोड़े। इन पारियों की बदौलत आरसीबी ने सीजन की शुरुआत जीत के साथ करते हुए अपने इरादे साफ कर दिए हैं।







