महाराष्ट्र में सियासी हलचल: रूपाली चाकणकर ने एनसीपी महिला अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

महाराष्ट्र में एनसीपी (अजित पवार गुट) के भीतर उस समय हलचल तेज हो गई जब ढोंगी बाबा अशोक खरात से जुड़े मामले ने तूल पकड़ लिया। विवाद बढ़ने और विपक्ष के लगातार दबाव के बीच रूपाली चाकणकर ने पार्टी की महिला शाखा के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले वह महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे चुकी हैं। बताया जा रहा है कि अशोक खरात मामले में नाम जुड़ने के बाद रूपाली चाकणकर पर इस्तीफे का दबाव बढ़ गया था। इसी के चलते उन्होंने दोनों पदों से खुद को अलग कर लिया।
इस्तीफे की घोषणा करते हुए रूपाली चाकणकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा कि उन्होंने इस मामले में पहले ही दिन अपना रुख स्पष्ट कर दिया था और उनके तथा अशोक खरात के कथित कदाचार के बीच कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक से जांच को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराने की मांग की है।चाकणकर ने बताया कि आज सुबह सुनेत्रा पवार से फोन पर बातचीत के बाद उन्होंने यह निर्णय लिया।
गौरतलब है कि हाल ही में नासिक पुलिस ने स्वयंभू ज्योतिषाचार्य और तांत्रिक अशोक खरात उर्फ ‘कैप्टन’ को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया था। उस पर कई महिलाओं के साथ दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस को उसके पास से एक पेन ड्राइव भी मिली है, जिसमें कई आपत्तिजनक वीडियो पाए गए हैं।मामला सामने आने के बाद से ही राजनीतिक माहौल गरमा गया है और विपक्ष सरकार पर हमलावर है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी के संपर्कों को लेकर भी पड़ताल जारी है।







