Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

काबुल में अस्पताल पर एयरस्ट्राइक का दावा, 400 मौतें, पाकिस्तान ने आरोपों से किया इनकार

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच काबुल में एक बड़े हमले को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। तालिबान ने दावा किया है कि सोमवार, 16 मार्च की रात पाकिस्तान ने राजधानी काबुल में एक अस्पताल को निशाना बनाकर एयरस्ट्राइक की, जिसमें अब तक 400 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 250 लोग घायल हुए हैं।

अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान के अनुसार, हमला एक नशा मुक्ति केंद्र पर हुआ, जो एक बड़े अस्पताल परिसर का हिस्सा था। वहीं, सरकार के प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने बताया कि स्थानीय समयानुसार रात करीब 9 बजे हुए इस हवाई हमले में 2,000 बेड वाले अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया। बचाव दल मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं तथा मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश जारी है।

तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए पाकिस्तान पर नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे मानवता के खिलाफ अपराध बताया और अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का उल्लंघन करार दिया।

हालांकि, पाकिस्तान ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता ने कहा कि किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया कि सोमवार रात किए गए हमले केवल सैन्य ठिकानों और आतंकवादी ढांचे पर केंद्रित थे और किसी भी नागरिक क्षेत्र को लक्ष्य नहीं बनाया गया।

गौरतलब है कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच पिछले कुछ समय से सीमा पर तनाव और हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंता गहराती जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close