Main Slideअन्तर्राष्ट्रीय

बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर ईरान समर्थित हमला, 5 ड्रोन-रॉकेट दागे, धमाके से दहला शहर

बगदाद। बगदाद स्थित अमेरिकी दूतावास पर मंगलवार सुबह बड़ा हमला हुआ। जानकारी के मुताबिक, आसपास के इलाकों से कम से कम पांच ड्रोन और कई रॉकेट दागे गए। 28 फरवरी से ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी तनाव के बाद यह अब तक का सबसे तीव्र हमला माना जा रहा है।

हमले के दौरान दूतावास की ओर बढ़ रहे तीन ड्रोन देखे गए। अमेरिकी सी-रैम (C-RAM) एयर डिफेंस सिस्टम ने इनमें से दो ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया, जबकि तीसरा ड्रोन दूतावास परिसर के अंदर गिरा। इसके बाद परिसर में आग लग गई और धुआं उठता दिखाई दिया। शहर में एक तेज विस्फोट की आवाज भी सुनी गई।

बताया जा रहा है कि यह हमला ईरान समर्थित मिलिशिया समूहों द्वारा अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने की श्रृंखला का हिस्सा है। इससे पहले, ईरान समर्थित कताइब हिजबुल्लाह ने अपने एक वरिष्ठ कमांडर और प्रवक्ता की मौत की पुष्टि की थी। वहीं, पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज के अनुसार, इराक के अल-काइम क्षेत्र में हुए हवाई हमलों में उनके कम से कम आठ लड़ाके मारे गए।

हमले के बाद इराकी सुरक्षा बलों ने राजधानी के कई हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी है। दूतावास स्थित ग्रीन जोन को सील कर दिया गया है। अमेरिकी दूतावास की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

यह घटना मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव की गंभीरता को दर्शाती है, जहां ईरान समर्थित समूह लगातार अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। हालांकि, हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन इसके पीछे ईरान समर्थित गुटों का हाथ माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Close
Close