लखनऊ में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का खुलासा, सपा नेता सोनू कनौजिया समेत 6 पर मुकदमा

लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर की कथित कालाबाजारी के मामले में समाजवादी पार्टी के नेता सुरेंद्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में उनकी पत्नी मंजू कनौजिया समेत कुल छह लोगों को नामजद किया गया है। जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग की टीम ने मोहन रोड स्थित अभिनंदन रिसॉर्ट पर छापा मारकर 88 गैस सिलेंडर बरामद किए। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि यहां गैस सिलेंडर की कालाबाजारी की जा रही है। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में बड़ी संख्या में सिलेंडर मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
बताया जा रहा है कि सोनू कनौजिया का मोहन इलाके में अभिनंदन रिसॉर्ट है। वहीं उनकी पत्नी मंजू कनौजिया के नाम पर असीम भारत गैस एजेंसी संचालित होती है। प्रशासन के अनुसार बरामद किए गए 88 सिलेंडरों में से 74 घरेलू गैस सिलेंडर 14.2 किलो के हैं, जबकि कुल सिलेंडरों में से 75 खाली पाए गए। सोनू कनौजिया ने सफाई देते हुए कहा कि बरामद किए गए सिलेंडर उनकी एजेंसी के हैं। उनका कहना है कि एजेंसी का गोदाम रिसॉर्ट के पास है, लेकिन वहां जाने का रास्ता खराब होने के कारण सिलेंडर अस्थायी रूप से रिसॉर्ट में रखे गए थे।
इस मामले में काकोरी थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मुकदमे में मंजू कनौजिया, वाहन मालिक जमील अहमद, साहिल, मुन्ना, इक्तदा और सुरेंद्र कुमार कनौजिया को नामजद किया गया है। छापेमारी की यह कार्रवाई जिला पूर्ति विभाग की टीम ने की। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव के कारण गैस सिलेंडर की आपूर्ति कई जगह प्रभावित हुई है। इसी बीच देश के विभिन्न हिस्सों से गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए प्रशासन लगातार छापेमारी और कार्रवाई कर रहा है। सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उपभोक्ताओं तक गैस की आपूर्ति बाधित नहीं होने दी जाएगी।







