मिडिल ईस्ट तनाव के बीच यूपी अलर्ट, कालाबाजारी और अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, CM योगी ने दिए निर्देश

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव ने दुनिया भर में ऊर्जा संकट की आशंका बढ़ा दी है। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जारी टकराव का असर वैश्विक तेल और गैस सप्लाई चेन पर भी पड़ता दिख रहा है। भारत सरकार भी इस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल देश में तेल और गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, लेकिन संभावित संकट की आशंका के चलते बाजार में घबराहट का माहौल बनता नजर आ रहा है।
इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने स्थिति को लेकर सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश में तेल और गैस की आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और संभावित किल्लत की खबरों के बीच मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि गैस और तेल की कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय और जिला स्तर पर सोशल मीडिया सेल को सक्रिय कर दिया गया है और ऑनलाइन गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस को पेट्रोल पंपों के आसपास निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग को गैस एजेंसियों और दुकानों का निरीक्षण करने को कहा गया है। गैस या तेल का अवैध रूप से भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने आपूर्ति विभाग और जिला प्रशासन को गैस एजेंसियों तथा तेल डिपो का औचक निरीक्षण करने के भी आदेश दिए हैं, ताकि किसी भी तरह की कालाबाजारी या कृत्रिम किल्लत पैदा करने की कोशिशों को समय रहते रोका जा सके।







